एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव नकटपुर निवासी एक किसान मंगलवार की सुबह खेत पर गया था वहां सांड़ ने टक्कर मार दी। परिजन घायल किसान को मेडिकल कॉलेज लाए। यहां से आगरा रेफर किया गया। वहां से दिल्ली ले जाते समय मौत हो गई।
गांव नकटपुर निवासी रामवीर ने बताया कि भाई भानु प्रताप (31) मंगलवार सुबह खेत पर फसल देखने गए थे। वहां खेत में सांड़ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे किसान उनके पास पहुंचे। तब तक सांड़ ने हमला कर उनको सींग मारकर घायल कर दिया। लोगों ने किसी तरीके से उनको बचाया और घर पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही हम लोग उनको खेत से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। यहां से चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर भी जब स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ तो परिजन लेकर दिल्ली जा रहे थे। तभी मंगलवार देर रात रास्ते में भानु प्रताप की मौत हो गई। जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। संवाद