जलेसर में एसडीएम भावना विमल को प्रार्थनापत्र देते पीड़ित लोग। संवाद
जलेसर। मोहल्ला इस्लाम नगर में दबिश देने गई पुलिस टीम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस मोहल्ले के फैसल कुरैशी ने एसएसपी और एसडीएम को प्रार्थनापत्र दिया है। इसमें लिखा है कि 30 अक्तूबर को थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिसबल के साथ घर में घुसे। महिला और पुरुषों को लाठी-डंडों से पीटा। एनकाउंटर की धमकी देते हुए चले गए।
फैसल कुरैशी ने अधिकारियों को बताया कि 30 अक्तूबर को सुबह लगभग 4 बजे थाना प्रभारी अमित कुमार, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह और 14 अन्य पुलिसकर्मी घर के बाहर आकर बुलाने लगे। जब तक दरवाजा खोल पाते इन लोगों ने बेल्चे से दरवाजा तोड़ दिया और घर के अंदर घुस आए। गाली-गलौज करते हुए पिता शकील कुरैशी, ताऊ पप्पू कुरैशी व घर में मौजूद अन्य महिला-पुरुषों को पीटने लगे। इसके कारण पप्पू कुरैशी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। इसके बाद भी पुलिसकर्मी नहीं रुके और घर के अंदर रखे हुए सामान की तोड़फोड़ करते हुए कपड़े व अन्य सामान इधर-उधर फेंक दिया।
सब लोगों को पीटने के बाद एनकाउंटर की धमकी देते हुए चले गए। घायल पप्पू कुरैशी को जलेसर के निजी अस्पताल में ले गए। वहां से चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। वहां उपचार चल रहा है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रणजीत सुमन ने मोहल्ले में आकर परिवार वालों की बात सुनी और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही आगरा पहुंचकर घायल पप्पू कुरैशी से भी मुलाकात की।
जलेसर थाना पुलिस टीम पशु काटने की सूचना पर दबिश देने गई थी। दरवाजा नहीं खुला तो लौट आई। लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। फिर भी मामले की जांच-पड़ताल कराई जा रही है। -ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, सीओ जलेसर
जलेसर में एसडीएम भावना विमल को प्रार्थनापत्र देते पीड़ित लोग। संवाद
जलेसर में एसडीएम भावना विमल को प्रार्थनापत्र देते पीड़ित लोग। संवाद