एटा। नगर क्षेत्र की प्रधानमंत्री आवास योजना योजना में 1093 आवेदक अपात्र पाए गए हैं। यह जांच स्थानीय नगर निकायों की ओर से कराई गई थी। योजना के तहत नगर क्षेत्रों में अपनी जमीन पर मकान बनाने के लिए ढाई लाख रुपये की सहायता डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए 4100 लोगों ने आवेदन किए।
इनकी जमीन, आय आदि की पात्रता की जांच के लिए फाइलें संबंधित नगर पालिका और नगर पंचायतों को भेजी गईं। इन निकायों द्वारा जांच पूरी कर ली गई है। जिसमें 3007 आवेदक पात्र जबकि 1093 अपात्र पाए गए। हालांकि इन अपात्रों को अभी अपनी पात्रता साबित करने के लिए मौका दिया गया है। आपत्ति आने पर इसकी जांच जिला स्तर पर कराई जाएगी।