नगर पालिका में बने कोविड टीकाकरण बूथ पर कार्ड के बजाए पर्ची मिलने पर विरोध जताते लोग। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। नगर पालिका में बने टीकाकरण बूथ पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब वैक्सीन लगवाने के बाद लोगों को टीकाकरण कार्ड नहीं मिला। इस पर लोग हंगामा करने लगे। लोगों का दबाव बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सादा कागज पर ब्योरा लिखकर देना शुरू किया, लेकिन लोग इससे संतुष्ट नहीं थे। उनका कहना था कि विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण कार्ड मांगा जाता है, ऐसे में हम क्या करेंगे?
अधिकांश सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में विभिन्न सेवाओं के लिए कोरोना टीकाकरण जरूरी कर दिया है। जिसके लिए उनसे कार्ड मांगा जाता है। वहीं कार्ड पर पहली डोज के बाद दूसरी डोज लगवाने की जानकारी दी जाती है। बृहस्पतिवार को जिले के अधिकांश बूथों पर वैक्सीनेशन कराने के बाद लोगों को कार्ड नहीं दिए गए। कार्ड मांगने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि वेबसाइट के माध्यम से कार्ड निकलवा लें। इसको लेकर नगर पालिका के बूथ पर लोगों ने हंगामा कर दिया। जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में स्वास्थ्य कर्मियों ने सादा कागज पर नाम, पिता का नाम, पता, पहली डोज की तारीख आदि लिखकर दिया। हालांकि लोग इससे भी संतुष्ट नहीं थे।