एटा। नगर पालिका परिषद एटा के पूर्व चेयरमैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर कमिश्नर से शिकायत की गई है। डीएम की अनुमति के बिना 76.50 लाख रुपये निकालने का आरोप है। भाजपा आईटी सेल के जिला सह संयोजक अनुज प्रकाश गुप्ता ने 19 जनवरी 2020 को एक शिकायती पत्र मुख्यमंत्री को भेजा।
इसमें आरोप लगाया कि पालिका की विभिन्न संपत्तियों से प्राप्त किराया व अन्य आय की धनराशि के लिए केनरा बैंक में खाता खोला गया। आरोप है कि 2016 में तत्कालीन पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी ने इस खाता संख्या 03721101016351 से चेक संख्या 172921 के माध्यम से 76.50 लाख रुपये किसी दूसरे खाते में हस्तांतरित करा लिए। इसके लिए डीएम से अनुमति जरूरी होती है, जो नहीं ली गई।
- शासन से संज्ञान लेने के बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई
शिकायतकर्ता ने बताया कि मामले में संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री के सचिव भाष्कर चंद्र कांडपाल ने छह अक्तूबर 2020 को अपर मुख्य सचिव नगर विकास को पत्र भेजकर नगर पालिका से जवाब मांगा। जवाब में पालिका ने तत्कालीन जिलाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा कि जनहित में कुछ भुगतान के लिए निकासी की गई। इस संबंध में सचिव ने अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजते हुए 7 दिन के अंदर मामला निस्तारित करते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब कमिश्नर ने जिला प्रशासन को जांच के लिए आदेश जारी किया है।