एटा। जैथरा ब्लॉक क्षेत्र के पेपर लीक मामले में स्कूल प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर के बाद पुलिस ने बुधवार को आरोपी केंद्र व्यवस्थापक को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, मामले से पूरी तरह पर्दा उठने के लिए अभी जब्त किए गए मोबाइल का डाटा रिकवर होने का इंतजार बना हुआ है।
जैथरा के चौधरी बीएल इंटर कॉलेज, नगला रेवती को बोर्ड परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। यहां 1 मार्च को गणित की परीक्षा के दौरान पेपर के फोटो बोर्ड परीक्षा के ग्रुप पर वायरल हुए थे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट डॉ. ब्रजेश कुमार यादव ने केंद्र व्यवस्थापक अंजू यादव के खिलाफ जैथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
केंद्र व्यवस्थापक के पास जब्त किए गए मोबाइल से डाटा डिलीट किया गया था। यहां तक कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी डिलीट कर दिया गया। ताकि जांच में किसी तरह के साक्ष्य पुलिस के हाथ न लग सकें। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि केंद्र व्यवस्थापक को जो मोबाइल दिया गया था, उसमें नंबर स्कूल प्रबंधक का लगा हुआ था। जिससे उसको सभी प्रशासनिक जानकारियां हासिल होती रहती थीं। पुलिस ने मंगलवार को प्रबंधक संजय यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर हिमांशु को गिरफ्तार किया था। बुधवार को अंजू यादव को अलीगंज मार्ग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एएसपी राजकुमार सिंह ने बताया कि इस गंभीर मामले में गहनता के साथ जांच करते हुए कार्रवाई की जा रही है।