एटा। शहर की पुलिस लाइन में बुधवार को संगम का जल लेकर दमकल की गाड़ी पहुंची। एसएसपी ने कलश पूजन करते हुए जल वितरण का शुभारंभ किया।
प्रयागराज संगम से लाए गए लगभग 4000 लीटर पवित्र त्रिवेणी के जल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने कलश पूजन कर पुलिस लाइन में उतारा। जिसके बाद श्रद्धालुओं को वितरण का शुभारंभ किया गया। सबसे पहले पुलिस लाइन में पहुंचे अग्निशमन वाहन में लाए गए गंगाजल का पूजन-अर्चन किया गया।
पुष्प अर्पित कर सभी लोगों ने मां गंगा के प्रति सच्ची श्रद्धा प्रकट की। जल प्राप्त कर रहे लोगों में प्रसन्नता के साथ मां गंगा के प्रति श्रद्धा और आस्था का भाव था। सभी लोगों ने आस्था से पवित्र जल को प्राप्त किया। इसके बाद सभी थानों के लिए जल से भरे कलश भिजवाए गए।
एएसपी अपराध योगेंद्र सिंह, सीओ सकीट कृष्ण मुरारी दोहरे, सीओ संजय कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक किशन लाल गौतम आदि मौजूद रहे। प्रभारी अग्निशमन केतन सिंह ने बताया कि कोई भी व्यक्ति अग्निशमन कार्यालय और संबंधित थानों से जल ले सकता है।