एटा। नगर पालिका द्वारा शहर के प्लॉटों में कूड़ा डलवाकर आग लगावाई जा रही है। यह सब काम तब किया जा रहा है, जब स्वच्छता सर्वेक्षण की क्यूसीआई (क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया) की टीम हकीकत जाने के लिए फील्ड में निरीक्षण कर रही है। ऐसी स्थिति में पालिका रैंकिंग में पिछड़ सकती है।
नगर पालिका शहर में पड़े प्लॉटों की सफाई कराने के स्थान पर उसमें कूड़ा डलवा रही है। सकीट रोड पर वार्ष्णेय इंटर कॉलेज के समीप प्लॉट में कूड़ा डलवाकर आग लगाई जा रही है। हालांकि इस समय केंद्र की क्यूसीआई की टीम पालिका की साफ-सफाई की हकीकत जानने के लिए फील्ड में दौरा कर रही है।
इस दौरान पालिका को स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंक बड़ा झटका लग सकता है। कूड़े का निस्तारण सही ढंग से नहीं होने से पालिका के अंक काटे जा सकते हैं।
इधर, पालिका का डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन भी पूरी तरह से बंद पड़ा है। वर्तमान में सिर्फ छह वार्डों से ही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन किया जा रहा है।
-------------------------
क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम कर रही निगरानी
नगर पालिका स्वच्छता सर्वेक्षण की निगरानी करने के लिए शहर में क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम डेरा जमाए है। यह टीम शहर में नगर पालिका की साफ-सफाई और कूड़ा निस्तारण की हकीकत देख रही है। डीपीएम सुरजीत सिंह का कहना है कि नगर पालिका द्वारा इधर-उधर कूड़ा डलवाने से पालिका की रैंकिंग पर असर पड़ेगा।
---------------------------
---------वर्जन------
सकीट रोड पर कूड़ा डालने वाले कर्मचारियों की जांच कराकर खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहर में समस्त सार्वजनिक शौचालयों को साफ कराने के लिए सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
- डॉ. दीप वार्ष्णेय, ईओ, नगर पालिका
---------------------
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन छह वार्डों में किया जा रहा है। पालिका से वाहनों की आपूर्ति मिल चुकी है। जल्दी ही सभी घरों से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन किया जाएगा।
- अखिल वर्मा, प्रबंधक, एमके मल्टी सर्विस कंपनी