एटा। सहकारी समिति में नौकरी लगवाने के नाम पर दो युवकों से 8 साल पहले 15 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद एक को फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। नौकरी न लगने पर अब कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बागवाला थाना क्षेत्र के गांव चाचरमऊ निवासी आनंद सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब 8 साल पहले सुशील कुमार निवासी शृंगार नगर ने नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके बहाने उससे 7 लाख और उसके मित्र गजेंद्र सिंह निवासी सेवला जिला आगरा से 8 लाख रुपये ले लिए। 22 सितंबर 2019 को उसने सहकारी समिति का नियुक्ति पत्र दिया, लेकिन इसे समिति में फर्जी बता दिया गया।
यह भी आरोप लगाया कि नौकरी के नाम पर सुशील ने स्टंप पेपर पर उन दोनों के हस्ताक्षर करा लिए हैं। जिससे वह उनके रुपये हड़पना चाहता है और ब्लैकमेल कर रहा है। फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि तहसील मिलने पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है और विवेचना शुरू करा दी गई है।