एटा। विकासखंड शीतलपुर की ग्राम पंचायत सिरांव और मारहरा की ग्राम पंचायत गिरौरा की सीमाओं के विवाद में यहां के दो परिषदीय विद्यालयों का विकास ठप पड़ा है। इनमें एक इंग्लिश मीडियम विद्यालय है। इन दोनों ही विद्यालयों में लंबे समय से सरकार की ओर से जारी किए गए 19 पैरामीटर अधर में लटके हुए हैं।
पीएसी छावनी के पास परिषदीय इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय संचालित हो रहा है। यहां कक्षा एक से पांच तक कुल 154 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, लेकिन यहां मिशन कायाकल्प में शासन की ओर से जारी किए गए 19 पैरामीटर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। इसके पीछे दो ग्राम पंचायतों का सीमा विवाद बाधा बना हुआ है।
विद्यालय में विद्युत कनेक्शन नहीं है, जिसकी वजह से पानी की समस्या है। अध्ययन कक्षों में टाइल्स, रेलिंग, दिव्यांग शौचालय आदि का काम पूरा नहीं हो पा रहा है। प्रधानाध्यापक आनंद कुमार का कहना है कि 19 पैरामीटर पूरे करने में ग्राम पंचायतों से सहयोग नहीं मिल रहा है। विद्यालय ग्राम पंचायत गिरौरा में आती है, जबकि जमीन ग्राम पंचायत सिरांव की है। ऐसे में दोनों ही पंचायतों के बीच सीमा विवाद बना हुआ है।
ऐसा ही हाल यहीं स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय का है। यहां पर शौचालय तो है, लेकिन विद्युत कनेक्शन नहीं होने की वजह से टंकी और टोटियों में पानी नहीं आता है। जिसके चलते बालक-बालिकाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रभारी प्रधानाध्यापिका मीरा देवी ने भी दोनों ग्राम पंचायतों में सीमा विवाद की ही बात कही है।
ये हैं प्रमुख पैरामीटर
शुद्ध पेयजल, बालक-बालिका दिव्यांग शौचालय, जलापूर्ति, मल्टीपल हैंडवॉश, रसोईघर, कक्षों में फर्श का टाइलीकरण, श्यामपट्ट, विद्यालयों की समुचित रंगाई-पुताई, विद्यालय परिसर में दिव्यांग सुलभ रैंप, रेलिंग, कक्षों की उपयुक्त वायरिंग व विद्युत उपकरण, विद्यालयों का विद्युत संयोजन, पाइप वाटर सप्लाई, फर्नीचर आदि पैरामीटर शामिल हैं।