जलेसर। दरगाह कमेटी से जुड़े लोगों ने तीन मोहल्लों में सरकारी जमीन के बैनामे कर डाले। पैमाइश की गई तो जद में आने वाले गृहस्वामियों में खलबली मच गई। आठ लोगों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी हैं। अन्य सभी ऐसे गृहस्वामियों से भी धोखाधड़ी संबंधी प्रार्थनापत्र मांगे गए हैं।
प्रशासन ने अप्रैल महीने के अंत में कस्बा के मोहल्ला सादात, किला और गढ़ीमान में पैमाइश कराई थी। इसमें राजस्व और नगर पालिका की जमीन पर कई मकान अवैध रूप से बने हुए पाए गए। 130 मकान स्वामियों को नोटिस दिए गए। इसके बाद कई लोग अपने बैनामे आदि कागजात लेकर एसडीएम के पास पहुंचे।
बताया कि उन्होंने तो यह जमीन खरीदी है और बाकायदा इसके बैनामे भी पंजीकृत कराए हैं। आठ लोगों की तहरीर पर दरगाह कमेटी से जुड़े लोगों पर 30 अप्रैल को धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अब अन्य लोगों को भी कहा गया है कि वह भी अपने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें। जिससे कार्रवाई के दौरान उनके पक्ष पर विचार किया जा सके।
सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर उसके बैनामा अन्य लोगों को कर दिए गए। जिस पर मकान बना लिए गए। पैमाइश के दौरान यह स्थिति सामने आ चुकी है। ऐसे गृहस्वामियों को मौका दिया गया है कि वह अपने साथ हुई धोखाधड़ी की बात लिखित में दें, जिस पर कार्रवाई की जाएगी।
अलंकार अग्निहोत्री, एसडीएम जलेसर