एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव ककरावली में शुक्रवार की रात शराब के लिए गेहूं बेचने की जिद सुनील को भारी पड़ गई। इसी बात को लेकर तीनों भाईयों में झगड़ा हुआ और एक भाई ने सुनील पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसकी वजह से उसकी मौत हो गई थी। गांव ककरावली निवासी महेंद्र ने पोस्टमार्टम हाउस पर रविवार की सुबह बताया कि सुनील को शराब पीने की बुरी लत थी। शाम को शराब नहीं मिलने पर सुनील अपने भाइयों से झगड़ा करने पर उतारू हो जाता था।
शुक्रवार की रात शराब पीने के लिए घर में रखी गेेहूं की बोरी बेचने के लिए निकाल ली थी। इसका विनीत और बॉबी ने विरोध किया। इसी बात को लेकर तीनों में झगड़ा हो गया। गुस्से में विनीत ने पास में पड़ी कुल्हाड़ी उठाकर सुनील को मारदी। महेंद्र ने भावुक होते हुए बताया कि मैं तीनों के झगड़े को बचाने में लगा रहा और बेटे की मौत हो गई। बताया कि सुनील को ऑटो दिलाया था ताकि शराब की लत कम हो जाए और उसकी आदतों में सुधार हो जाए, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। ऑटो की कमाई से सुनील के शौक भी पूरे नहीं हो पाते थे, इसी वजह से घर में विवाद होता था।