जिला अस्पताल में खोला गया प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। सरकारी सप्लाई की दवाओं से अलग अन्य दवाओं की कम मूल्य पर उपलब्धता के लिए जिला अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोला गया, लेकिन लाइसेंस रिन्यूअल के फेर में यह लंबे समय से बंद पड़ा था। एक साल बाद अब इसे खोल दिया गया है। अब लोगों को यहां से फिर सस्ती दवाएं मिल सकेंगी।
यूं तो सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दवाएं मुफ्त मुहैया कराई जाती हैं, लेकिन कई दवाएं ऐसी हैं, जिनकी सरकारी आपूर्ति में उपलब्धता नहीं होती। ब्रांडेड दवाएं काफी महंगी हैं। ऐसे में गरीब मरीजों को सस्ती दवा मुहैया कराने के लिए जिला अस्पताल में वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र खोला गया। इसकी जिम्मेदारी महाराजा विनायक सोसाइटी को दी गई।
यहां एक फार्मासिस्ट को तैनात किया गया, लेकिन सितंबर 2020 में यह बंद हो गया। दरअसल, केंद्र का संचालन दो साल के लिए लखनऊ की संस्था को दिया गया था। दो वर्ष पूरे होने पर संस्था के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं किया गया। अब शासन से इसका नवीनीकरण कर दिया गया है। इसके साथ ही केंद्र खुल गया है।