एटा। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आवेदनों की फाइलें तहसील में अटक रही हैं। कर्मचारी न होने की बात कहकर आवेदन वापस किए जा रहे हैं। इसके कारण चक्कर काट रहे आवेदक परेशान हैं।
जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होता है। इसकी फाइल तैयार होकर संबंधित नगर पालिका या विकासखंड कार्यालय जाती है। वहां से सीएमओ कार्यालय और संबंधित तहसील में रिपोर्ट के लिए भेजी जाती है। रिपोर्ट लगने के बाद वापस नगर पालिका या बीडीओ कार्यालय जाती है और प्रमाणपत्र जारी कर दिया जाता है लेकिन कुछ दिनों से तहसील सदर में आने वाले फाइलों को कोई प्राप्त करने वाला ही नहीं है।
कुछ कर्मचारियों ने बताया कि जो इस पटल पर कार्यरत थे, उनका स्थानांतरण हो गया है। जिसे प्रभार दिया गया है, वह कर्मचारी भी नहीं आ रहा। इसके चलते कुछ फाइलों को वापस किया गया है।
यहां आए विश्वजीत सिंह ने बताया कि पुत्र का जन्म प्रमाणपत्र बनने के लिए आवेदन किया था। नगर पालिका से बताया गया कि तहसील भेजा गया है। यहां बताया जा रहा कि अभी आया नहीं है। सुशील प्रताप ने बताया कि नगर पालिका से फाइल भेजी गई थी लेकिन यहां बताया जा रहा है कि अभी सीट खाली है। एसडीएम सदर जगमोहन गुप्ता ने बताया कि कर्मचारी कार्यरत हैं। यदि कोई फाइल लौटाई गई है या काम नहीं हो रहा है तो जांच कराई जाएगी।