एटा। भारत-पाकिस्तान में तनातनी के बीच सरहद पर डटे एक सैनिक के घर की बिजली काट दी गई। उनका परिवार परेशान है। दिव्यांग छोटे भाई की शिकायत पर एसडीओ के विरुद्ध राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में मुकदमा दर्ज किया गया है।
श्याम नगर निवासी लोकेंद्र सिंह ने शुक्रवार को बताया कि वह जन्म से 80 फीसदी दिव्यांग हैं। भाई यतेंद्र इन दिनों श्रीनगर में ड्यूटी कर रहे हैं। बताया कि फरवरी माह का बिल 1556 और मार्च माह का बिल 2459 रुपये आया था। जबकि घर में मार्च में विद्युत उपभोग कम हुआ। वाटर हीटर और रूम हीटर बंद रहे। केवल 1 पंखे का प्रयोग होता है कोई रिश्तेदार आ जाय तो 2 पंखे चलते हैं ।
लोकेंद्र ने बताया कि बिल संशोधन के लिए ऑफलाइन आवेदन करने की कोशिश की, लेकिन विद्युत निगम का नगर क्षेत्र कार्यालय दूसरी मंजिल होने की वजह से नहीं पहुंच सके। टोल फ्री नंबर 1912 पर बिल संशोधन के लिए आवेदन किया। जिसे एसडीओ दिलीप कुमार भारती के पास समाधान के लिए भेजा गया। आरोप है कि ऑनलाइन आवेदन के कारण एसडीओ भड़क गए और उन्होंने 5 अप्रैल को घर का विद्युत कनेक्शन कटवा दिया।
विद्युत कार्यालय में पता किया तो वहां कर्मचारियों ने बताया कि एसडीओ से आपने व्यक्तिगत मुलाकात नहीं की इसकी वजह से लाइन कटवा दी गई है। सरहद पर ड्यूटी कर रहे भाई यतेंद्र ने भी एसडीओ से बात की लेकिन उन्होंने एक न सुनी। साफ कहा कि पूरा बिजली बिल जमा करने के बाद लाइन को जुड़वाया जाएगा। इसके बाद लोकेंद्र ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत की, इस पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।