मौके पर जानकारी लेते सीओ सिटी अमित कुमार
- फोटो : संवाद
उत्तर प्रदेश के एटा में बैंक कैशियर रविवार की सुबह कमरे में मृत अवस्था में मिले। सहकर्मी ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से हृदय रोग से पीड़ित चल रहे थे। वह किराये के मकान में रह रहे थे। मकान मालिक ने देखा तो पुलिस को बुलाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी ली।
घटना थाना कोतवाली नगर के मोहल्ला अरुणा नगर की है। यहां के निवासी दीपक मिश्रा ने बताया कि पिछले चार माह से उनके घर में रामचंद्र अग्निहोत्री (40) निवासी मोहल्ला लाल बंगला, थाना चकेरी, जिला कानपुर किराए पर रह रहे थे। वह किसी से ज्यादा बात नहीं करते थे। कब आ रहे या जा रहे हैं, इसका भी हमको पता नहीं लग पाता था।
रविवार को अवकाश की वजह से वह अपने कमरे में ही थे। किसी काम से जब हम उनके कमरे के बाहर पहुंचे तो देखा दरवाजा खुला हुआ है। आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। झांककर देखा तो रामचंद्र बेड पर लेटे हुए थे। शरीर में कोई हलचल होती दिखाई नहीं दी।
यह देखकर हमने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सीओ सिटी अमित कुमार राय के साथ कोतवाली नगर प्रभारी राजेश चौहान और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। यहां पहुंचे बैंक कर्मचारियों ने बताया कि रामचंद्र काफी समय से हृदय रोग से परेशान चल रहे थे।
17 सितंबर को ही घर से लौटे थे। हर 15 दिन बाद दवा लेने के लिए घर जाते थे। बताया कि यहां से पहले एयर फोर्स में नौकरी करते थे। वहां से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद बैंक में नौकरी कर रहे थे। कुछ दिन से कह रहे थे कि मेरा फोन आए तो जरूर उठा लेना।
मोबाइल के माध्यम से पुलिस ने घटना की जानकारी परिजन को दी। रामचंद्र का एक बेटा व एक बेटी है, जो कि कानपुर नगर में ही पढ़ाई कर रहे हैं। मकान मालिक दीपक मिश्रा ने बताया कि हमने कभी यहां इनके परिजन को आते नहीं देखा। परिवार के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं हो सकी।
बाल्टी में कपड़े और हाथ में था टूथब्रुश
मृत अवस्था में मिले बैंक कैशियर को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे रोज के काम को निपटाते हुए ही अचानक कुछ हुआ है। बाथरूम का दरवाजा खुला हुआ था और बाल्टी में कपड़े रखे हुए थे। उनके हाथ में टूथब्रुश था। पुलिस के मुताबिक हाथों के ऊपर वॉशिंग पाउडर जैसा भी कुछ लगा हुआ था। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा।