एटा। थाना रिजोर क्षेत्र के गांव कुंवरपुर में तीन घरों से लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने का आरोप लगाया गया है। वहीं पुलिस प्रधानी की रंजिश में षड्यंत्र के तहत फंसाने की बात कह रही है। आरोपी तहरीर मिलने से पहले ही थाने पर पहुंच गए और खुद को निर्दोष बताया। गांव कुंवरपुर निवासी मुलायम सिंह और इनके भांजे जय सिंह ने चोरी करने का आरोप लगाया है। मामा-भांजे का आरोप है कि सोमवार रात डेढ़ से साढ़े तीन बजे के बीच कमल सिंह व कैलाश निवासी सलेमपुर सानी सहित छह-सात लोग छत से होकर घर में घुस गए। इनको बेटी लक्ष्मी ने पहचान लिया।
मुलायम सिंह के घर से सोने के एक जोड़ी टॉप्स, दो जंजीर, एक हार, झुमकी, तीन जोड़ी कुंडल, चार अंगूठी, दो पैंडल, एक मंगलसूत्र, चांदी के 11 सिक्के, चार लच्छे, दो करधनी, तीन जोड़ी पायल और एक जोड़ी रेशम पट्टी चोरी होने का आरोप है। जबकि जय सिंह के घर से सोने की एक जंजीर, दो अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी कुंडल, चांदी की एक करधनी, एक जोड़ी पायल, चांदी के दो सिक्के, दो जोड़ी खड़ुआ चोरी होने की बात कही जा रही है। इतना ही सामान गांव के रामौतार के घर से चोरी होने करने का आरोप लगाया गया है।
प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों में प्रधान चुनाव को लेकर रंजिश चली आ रही है। जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है वह लोग सुबह पांच बजे टहलकर जा रहे थे। आरोप लगने के बाद दोनों ही थाने पर आ गए। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
एसएसपी ऑफिस पहुंचे लोग
एटा। चोरी वारदातों में आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया गया। इसके बाद एसएसपी दफ्तर काफी संख्या में लोग पहुंच गए और नामजद आरोपियों को लाभ पहुंचाने की बात कही गई व मुकदमा दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया गया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।