एटा। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत वितरित किए जा रहे निशुल्क राशन में अब 3.10 लाख परिवारों को चावल नहीं मिलेगा। अक्तूबर व नवंबर में केवल गेहूं का वितरण किया जाएगा। कोरोना काल से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत खाद्यान्न में अतिरिक्त राशन वितरण की शुरूआत की गई थी। यह वितरण प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निशुल्क किया जा रहा था।
जिसमें जिले के तीन लाख दस हजार से अधिक कार्डधारकों को राशन दिया जा रहा था। पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति यूनिट तीन किलो गेहूं व दो किलो चावल का वितरण किया जा रहा था। शासन के आदेश पर नवंबर तक वितरण जारी रहेगा, लेकिन इसमें बदलाव किया गया है। अब अक्तूबर व नवंबर में केवल गेहूं का वितरण किया जाएगा, चावल नहीं मिलेगा।
शासन के आदेश के अनुसार अक्तूबर व नवंबर में चावल का वितरण नहीं किया जाएगा। इसके लिए राशन डीलरों को निर्देश जारी कर दिए है। पांच अक्तूबर से वितरण शुरू कराया जाएगा। नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। -राजीव कुमार मिश्रा, डीएसओ