खतरे के निशान से 95 सेंटीमीटर ऊपर बह रही सरयू
- तटवर्ती इलाकों में पानी घुसने से दहशत का माहौल, लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
भागलपुर। सरयू नदी खतरे के निशान से 95 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। दो दिन से लगातार हो रही जलस्तर में वृद्धि के चलते सरयू नदी के किनारे बसे लोगों में दहशत का माहौल है। नदी के तटवर्ती इलाके भागलपुर छित्तूपुर, बलिया, देवसिया, नरसिंहडांड, बढ़ौना आदि गांवों पर खतरा मंडराने लगा है।
पिछले दो दिन नदी का जलस्तर कम होने से गांव के लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन रविवार से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। ग्रामीणों ने बताया कि जलस्तर बढ़ने की रफ्तार ऐसी ही रही तो एक-दो दिन में हालात और बिगड़ सकते हैं। जल आयोग के कर्मचारियों के अनुसार तुर्तीपार रेगुलेटर पर नदी का जलस्तर सोमवार दोपहर 65 मीटर 25 सेंटीमीटर दर्ज किया गया, जो खतरा निशान से 95 सेंटीमीटर ऊपर है। गांव के सैकड़ों किसानों की खरीफ की फसल बर्बाद होने के कगार पर है। वहीं खेतों में पानी होने के कारण पशुओं को चारे का संकट पैदा हो गया है इस बारे में केन्द्रीय जल आयोग के जेई ने बताया कि गंगा और राप्ती नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है, जिसकी वजह से अगले 24 घंटे जलस्तर में वृद्धि होने का अनुमान है।