बुखार से पीड़ित युवती सहित दो भर्ती, डेंगू की आशंका
देवरिया। बुुखार से पीड़ित युवती सहित दो लोगों को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। उनके डेंगू से पीड़ित होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। एलाइजा जांच के लिए उनका सैंपल भेजा गया है।
जनपद में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। इसमें अधिकांश बाहर से आने वाले लोग शामिल हैं। सलेेमपुर कोतवाली क्षेत्र के बढ़पुरवा निवासी रीतिका 20 पुत्री रामजीवन प्रसाद एक अक्तूबर को वाराणसी पेपर देने गई थी, जहां चार अक्तूबर को बुखार से पीड़ित हो गई। दवा ली पर आराम नहीं मिला। वहां से सात अक्तूबर को घर आई और सलेमपुर में चिकित्सक को दिखाई। इसके बाद मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंची और ओपीडी में चिकित्सक से दिखाई। परीक्षण के बाद चिकित्सक ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। उधर लार थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी देव कुमार सैनी (42) पुत्र अमला माली मुंबई में रहते हैं। वहां पांच दिन पूर्व बुखार से ग्रसित हो गए। आराम न मिलने पर मंगलवार को घर आ गए और दवा ली, लेकिन राहत नहीं मिली। बुधवार को दोपहर बाद जिला अस्पताल के बुखार डेस्क पर पहुंचे, जहां डॉ. जफर अनीस ने परीक्षण के बाद भर्ती के लिए भेजा। साथ ही एलाइजा जांच के लिए सैंपल भेजा। दोनों के डेंगू से पीड़ित होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।