किराएदार के कमरे से चोरी के मामले में मकान मालिक के बेटे सहित दो गिरफ्तार
देवरिया। शहर की ट्यूबवेल कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश सोमवार को कोतवाली पुलिस ने किया है। पुलिस के अनुसार, महिला किराएदार के घर में मकान मालिक के बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपितों के पास से जेवर और अन्य सामान को बरामद किया है।
ट्यूबवेल कालोनी मोहल्ले में सपना सिंह किराए का कमरा लेकर रहती हैं। नौ जुलाई को वह अपने गांव चली गई थीं। करीब एक माह रहने के बाद अन्य किराएदारों ने उनको सूचना दी कि उनके कमरे का ताला टूटा हुआ है। इस पर सपना सिंह अपने भाई के साथ 10 अगस्त को शहर स्थित किराए के मकान पर पहुंचीं तो देखा कि कमरे में रखे जेवर व कुछ सामान नहीं थे।
उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। मामले की विवेचना प्रभारी कोतवाल विपिन मलिक ने शुरू की। उन्होंने मकान मालिक के बेटे विशाल त्रिगुणायक को हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने पहले चकमा देकर बचने का प्रयास किया, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने चोरी का राज उगल दिया। उसने घटना में शामिल होने की बात पुलिस के सामने स्वीकार कर ली।
पुलिस ने उसके दोस्त राबिन अहमद उर्फ गब्बू निवासी न्यू कॉलोनी निकट मस्जिद मोहल्ला को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने सोने की चेन, अंगुठी, चांदी की दो जोड़ी पायल, चांदी का तीन सिक्का, छह बिछिया, लैपटॉप और 11 सौ रुपये बरामद कर लिए।