तीन दुकानों के शटर का ताला तोड़कर चोरी
खुखुंदू। बुधवार की रात चोरों ने पुलिस पिकेट के पास के पास दुकानों का ताला तोड़कर हजारों रुपये का माल उड़ा लिया। पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। एक ही रात में तीन जगहों पर चोरी से लोग सहम गए हैं।
बेखौफ चोर स्थानीय चौराहा, बरवां उपाध्याय और मगहरा चौराहे पर शटर का ताला तोड़कर दुकानों में रखे करीब 27 हजार रुपये और सामान चुरा ले गए। सरयां गांव निवासी पवन गुप्ता की खुखुंदू चौराहे पर इलेक्ट्रिक की दुकान है। रोज की तरह वह बुधवार की रात दुकान बंद कर घर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा था। कैश काउंटर से रुपये गायब थे। पवन का कहना है कि कैश काउंटर में 20 हजार रुपये रखे थे। इसके अलावा 12 वोल्ट की बैट्री सहित अन्य समान गायब हैं। दूसरी चोरी की घटना पिपरा शुक्ल निवासी कमलाकांत शुक्ल की हार्डवेयर की दुकान बरवां उपाध्याय हाइवे पर हुई है। चोर यहां भी शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे और कैश काउंटर में रखे 2500 रुपये उठा ले गए। तीसरी चोरी खखड़ी गांव निवासी अनिल चौहान के मेडिकल स्टोर में हुई। उनकी दुकान में मगहरा चौराहे पर है। यहां भी चोरों ने ठीक उसी ढर्रे पर घटना को अंजाम दिया है। तीनों मामले में सूचना मिलते ही पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
उधर दस दिन पूर्व ही चोरों ने बकुची मिश्र और बंजरिया में दो घरों को खंगाला डाला था। अब तक पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम रही। एसओ नवीन चौधरी ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर गई थी। जांच पड़ताल के बाद मुकदमा दर्ज कर घटना का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
बाहरी गिरोह पर है पुलिस की नजर
खुखुंदू। एक ही रात सड़क किनारे स्थित चौराहों पर हुई तीन चोरियों के मामले में पुलिस किसी बाहरी के शामिल होने की आशंका जता रही है। पुलिस का कहना है कि चोरों का गिरोह अपने निजी साधन से आकर घटनाओं को अंजाम दे रहा है। सूत्रों की मानें तो पुलिस को बगल के जनपद के एक गिरोह के सक्रिय होने का क्लू मिला है। जो घूम घूम कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।