आपदा आने पर घबराएं नहीं, डटकर मुकाबला करें
कपरवार। स्थानीय प्राथमिक विद्यालय कुरह परसियां एट कपरवार में आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जहां आपदाओं से उबरने के गुर बताए गए। जबकि समिति का गठन भी किया गया।
मंगलवार को विद्यालय परिसर में यूनीसेफ आपदा प्रबंधन की ओर से वरिष्ठ प्रशिक्षक डॉ.एसके सिंह, अजीत तिवारी और आपदा मित्र रितुराज ने नवनिर्वाचित गठित टीम सदस्यों और ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव, सर्पदंश, भूकंप, आकाशीय बिजली आदि आपदाओं से बचाव की जानकारी दिया। डॉ. एसके सिंह ने कहा कि आपदा आने पर घबराने की जगह तरीके से डटकर मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने गठित टीम सदस्यों से आपदाओं के समय पीड़ितों के बचाव आदि के तरीके बताए। डॉ.सिंह ने कहा कि बाढ़ के दौरान प्रभावित गांवों के लोगों को टॉर्च, किरासन तेल, रेडियो, दवा, इमरजेंसी लाइट, सूखे अनाज आदि का प्रबंध कर लेना चाहिए। जबकि बारिश दौरान आकाशीय बिजली के गिरने का डर रहता है। इलेक्ट्रानिक उपकरणों का प्रयोग बंद कर देना चाहिए। जबकि पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेना चाहिए। प्रशिक्षण शिविर में ग्राम प्रधान नीलू गुप्ता को समिति का अध्यक्ष, लेखपाल हीरालाल मधुकर को सचिव, जबकि वार्ड मेंबरों, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्री, समूह सखी को सदस्य नामित किया गया। मौके पर प्रहलाद गुप्त, हनुमान गुप्त, सुरेश यादव, प्रकाश तिवारी, चंद्रमा पांडेय, शकुंतला देवी, सोनी, मीरा, गुड़िया, संक्रांति श्रीवास्तव, देवेंद्र, गिरेंद्र, अजय प्रताप, अयोध्या, जितेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।