दशहरा में पूरी रात गुल रही नगर पंचायत व 65 गांवों की बिजली
रामपुर कारखाना। दशहरा की रात में रामपुर कारखाना फीडर की बिजली पूरी रात गुल रही। इससे नगर पंचायत व 65 गांव की एक लाख की आबादी 15 घंटे तक परेशान रही। बिजली के हॉटस्पॉट मूड़ाडीह में फिर से तार गिर गया था। हर दूसरे और तीसरे दिन तार टूटने से बिजली ठप हो जा रही है। जबकि केंद्र और प्रदेश सरकार ने दशहरा पर्व तक रात को विद्युत आपूर्ति जारी रखने का निर्देश दिया था। इस फीडर पर एक लाइनमैन और 4 संविदा कर्मचारी तैनात हैं।
शहर के पूरवां विद्युत सब स्टेशन से जुड़े रामपुर कारखाना फीडर के उपभोक्ताओं की समस्या जस की तस बनी हुई है। महज 5 किलोमीटर लंबा बिजली के जर्जर तार ने नगर पंचायत रामपुर कारखाना और इससे जुड़े 65 गांव में विद्युत की अव्यवस्था ने हाहाकार मचा दिया है। हर दूसरे और तीसरे दिन तार टूटकर गिरने से एक लाख की आबादी को पूरी रात उमस भरी गर्मी में काटनी पड़ती है। सबसे अधिक दिक्कत मुड़ाडीह गांव के पास हो रही है। जहां आए दिन तार टूट कर गिर जाता है। बुधवार की शाम इस गांव में तार टूट कर गिर गया। तार गिरने की सूचना होते ही उपभोक्ताओं ने विभागीय निगम को फोन मिलाना शुरू किया। लेकिन, अधिकांश नंबर बंद मिले। जो नंबर चालू थे, उन्होंने मोबाइल फोन को रिसीव नहीं किया। लाइनमैन तार जोड़ने नहीं पहुंचे। इसके चलते पूरी रात और बृहस्पतिवार की सुबह तक रामपुर कारखाना नगर पंचायत और 65 गांव के लोग गर्मी में दिक्कतों का सामना करते रहे।
सुबह 9 बजे गांव पहुंचे लाइनमैनों ने तार जोड़कर सही किया और आपूर्ति शुरू कराई। पूर्व सभासद मुन्नालाल मद्धेशिया, विष्णु गुप्ता, सभासद उषा देवी, लक्ष्मण जायसवाल, विनय मद्धेशिया, समतुल्लाह मंसूरी, मोहम्मद जिकुलाह, बैरिस्टर राजभर, राधेश्याम चौरसिया, कृष्ण मोहन लाल, संजय श्रीवास्तव, सिडकुल आजम कुरैशी, मुरलीधर, नीरज चौरसिया सहित सैकड़ों उपभोक्ताओं ने जर्जर तार बदलवाने की मांग की है। अवर अभियंता संदीप कुमार बात करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था।
वर्जन
महुआडीह में तार टूटा था। इसके कारण कुछ समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही है। तार जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। -नवदीप सिंह, एसडीओ देवरिया।
ट्रांसफार्मर बदलने के लिए सौंपा ज्ञापन
सुतावर। लार ब्लॉक के गढ़वा गांव में 15 दिन पूर्व जले 63 केवीए के ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए पीस पार्टी के नेता मोहम्म्मद तारिक ने ट्रांसफार्मर बदलने के लिए अधिशासी अभियंता सलेमपुर को ज्ञापन सौंपा। कहा है कि 15 दिनों से गढ़वा गांव में बिजली गुल है। सूचना देने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। गढ़वा गांव के लोग उमस भरी गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। पांच दिन पूर्व दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन ट्रांसफार्मर 11 हजार वोल्टेज से चार्ज होते ही जल गया। नवरात्र और दशहरा में गांव के लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है। लोगों को मोबाइल चार्ज करने दूसरे गांव जाना पड़ रहा है। अधिशासी अभियंता सलेमपुर बृजभान सिंह ने कहा कि वर्कशाप के जेई से बात कर रहा हूं, जल्द ही जला ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।