सात केंद्रों पर 12 से 17 सितंबर के बीच होगी डीएलएड के विभिन्न सेमेस्टर की परीक्षा
देवरिया। डीएलएड के विभिन्न सेमेस्टर की परीक्षा जिले में 12 से 17 नंवबर तक सात केंद्रों पर होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा की तैयारी जोर शोर से चल रही है। शुक्रवार को इस संबंध में बीएसए कार्यालय में बैठक कर शुचितापूर्ण तरीके एवं कोरोना गाइडलाइन के बीच परीक्षा कराने का निर्देश केंद्राध्यक्षों को दिया गया।
बीएसए एवं प्रभारी डायट प्राचार्य संतोष कुमार राय ने कहा कि सात केंद्रों पर बीटीसी 2013, 2014, 2015 डीएलएड प्रशिक्षण 2017, 2018 प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर अवशेष या अनुर्तीण, एवं डीएलएड प्रशिक्षण 2019 द्वितीय सेमेस्टर अवशेष या अनुत्तीर्ण की परीक्षा वर्ष 2021 होगी। इसके लिए 12, 13 व 14 सितंबर की परीक्षा में कुल 415 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इसमें 170 कुशीनगर जनपद एवं देवरिया के 245 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा के लिए जिले में महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज जलकल रोड, महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज गरुलपार, जनता इंटर कॉलेज सोनूघाट, एसएसबीएल इंटर कॉलेज, लाला करमचंद इंटर कॉलेज बरारी बैतालपुर, जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना, गंगा प्रसाद इंटर कॉलेज मझगांवा को केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम के संबंध में सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रयागराज की ओर से आए दिशा निर्देशों को सभी केंद्राध्यक्षों को अवगत कराया गया है। पूरी परीक्षा कोरोना गाइड लाइन के बीच होगी। शुचितापूर्ण परीक्षा कराने की तैयारियां मुकम्मल की जा रही हैं।