बरहज। भलुअनी कस्बा के शिवधरिया वार्ड स्थित अभयानंद शिक्षण संस्थान के खेल मैदान में मंगलवार को जनपदीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें चार तहसीलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच में देवरिया सदर की टीम ने दो अंक से बरहज को पराजित किया।
जिलास्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का पहला मैच देवरिया ग्रामीण और बरहज के बीच खेला गया। देवरिया ग्रामीण के खिलाड़ियों ने महज 18 अंक बनाया। जबकि बरहज ने 25 अंक हासिल किए। दूसरा और तीसरा मैच सलेमपुर, देवरिया सदर और ग्रामीण के बीच खेला गया, जिसमें देवरिया ग्रामीण और सलेमपुर की टीम खिताबी मुकाबले से बाहर हो गईं। फाइनल मुकाबले में देवरिया सदर 39 अंक बनाकर दो अंकों से बरहज को पराजित किया। मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य रमेश चंद्र सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मौके पर तेजबहादुर यादव, संजय शाही, अजीत कुमार, विजयप्रकाश, नवनीत पाठक आदि मौजूद रहे।