देवरिया के युवक की चेन्नई में मौत
पैकौली। भलुअनी थानाक्षेत्र के पैकौली गांव निवासी युवक की शुक्रवार की शाम झुलसने से इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
पैकौली गांव निवासी हरिलाल पासवान के दो बेटों में दीनानाथ पासवान बड़े थे। रोजगार की तलाश में दीनानाथ तीन माह पूर्व चेन्नई गए थे। वहां वह गैस कटर का काम करते थे। बताया जा रहा है कि 18 सितंबर को टैंक में काम करते समय गैस लीक होने से आग लग गई। इस दौरान दीनानाथ गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम उनकी मौत हो गई। यह खबर घर वालों को मिली तो कोहराम मच गया। पिता हरिलाल, माता सवांरी देवी व पत्नी आशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। दो बेटे सत्यम और शिवम पिता के बारे में अप्रिय घटना से अनजान हैं। परिवार के लोग शव लाने चेन्नई गए हैं।