ईयर फोन लगाकर बंद बेलपार रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय सोमवार सुबह छात्र साइकिल समेत डाउन सुपरफास्ट पूर्वांचल एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी भटनी व आरपीएफ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम छात्र की पहचान पीयूष गुप्ता (18)पुत्र रानू गुप्ता, शिव मंदिर रोड, भाटपार रानी के रूप में हुई। वह पकड़ीबाबू के एक इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्र था। हादसे के वक्त वह बेलपार में कोचिंग के लिए जा रहा था।
सोमवार को रेलवे क्रॉसिंग के दोनों तरफ जाम लगा हुआ था। इसी बीच एक छात्र बैग और साइकिल लिए जाम से निकलकर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बावजूद ट्रैक पार करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह दोनों कानों में ईयर फोन लगाए था। इसी बीच वह सामने से डाउन ट्रैक पर गोरखपुर से कोलकाता जाने वाली सुपर फास्ट पूर्वांचल एक्सप्रेस की चपेट में आ गया।
हादसा इतना भयावह था कि शव का कुछ हिस्सा 50 मीटर दूर आउटर सिग्नल के डाउन ट्रैक के प्वाइंट में जाकर फंस गया। सूचना पाकर स्टेशन मास्टर बृजेश कुमार ने सफाईकर्मी को बुलाकर शव को बाहर निकलवाया। जीआरपी के एसओ मुस्ताक अहमद खान ने बताया कि देर शाम शव की शिनाख्त हो गई।
रेलवे क्रॉसिंग खुलने पर उमड़ी भीड़ के चलते कई ट्रेनें खड़ी रहीं
रेलवे क्रॉसिंग खुलने और छात्र के ट्रेन की चपेट में आकर मौत की घटना की जानकारी आग की तरह चारों ओर फैल गई । इसके चलते बेलपार रेलवे क्रॉसिंग पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे ट्रैक बाधित हो गया। कई ट्रेनें भाटपार रानी में काफी देर तक खड़ी रहीं। हटिया से गोरखपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन एक घंटे, सुपरफास्ट बिहार संपर्क क्रांति स्पेशल ट्रेन लगभग पांच मिनट भाटपार रानी में खड़ी रही।
उधर डाउन ट्रैक के होम सिग्नल पर काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली ट्रेन कुछ देर खड़ी रही। स्टेशन मास्टर बृजेश कुमार में बताया कि रेलवे क्रॉसिंग व ट्रैक पर घटना के चलते लोगों की भीड़ थी। जिस के कारण भाटपाररानी मे ट्रेने खड़ी रहीं। ट्रैक साफ होने के बाद ट्रेनों को चलाया गया।