कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए केंद्रों पर उमड़ी भीड़
बरहज/सलेमपुर। शनिवार को अस्पताल खुलते ही टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। बरहज व सलेमपुर सीएचसी, महेन पीएचसी के अलावा कपरवार और हरनहीं जच्चा-बच्चा केंद्र पर टीकाकरण किया गया। केंद्रों पर लोगों की लंबी कतार लगी थी। आए लोगों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ टीकाकरण किया जा रहा था। कुछ जगहों पर लोग रजिस्ट्रेशन में मोबाइल नंबर और ओटीपी जैसी समस्याओं से जूझते देखे गए। बरहज सीएचसी पर 160, कपरवार में 40, महेन पीएचसी और हरनहीं केंद्र पर 360 लोगों का टीकाकरण किया गया। कपरवार केंद्र पर टीकाकरण के दौरान समस्याओं के कारण लोगों को घंटों बारी का इंतजार करना पड़ा। टीकाकरण कराने आए कुछ लोगों की शिकायत थी कि जिम्मेदार बुखार आदि की संभावना पर दुकानों से दवा खरीदने का सलाह दे रहे थे। चिकित्साधीक्षक डॉ.अजय पाल और महेन पीएचसी प्रभारी डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। जिन जगहों पर दिक्कतें आई हैं, वहां दुरुस्त करा लिया जाएगा।
शनिवार को सलेमपुर सीएचसी में टीकाकरण के लिए काफी दूरी तक कतारें लगी रहीं। 18 वर्ष के उपर वाले लोगों को पहले बुकिंग करनी पड़ती थी। अब यह व्यवस्था खत्म हो जाने से भारी तादाद में लोग टीकाकरण के लिए आ रहे हैं। शनिवार को 250 डोज वैक्सीन आई थी। जबकि लोगों की तादात काफी थी। दोपहर तीन बजे तक 200 लोगों को टीका लग चुका था। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार ने बताया कि वैक्सीन कम आने से दिक्कत हो रही है।