मझने नाला स्थित पेट्रोल पंप को घटतौली मिलने के बाद सीजकर दिया गया।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। पिड़रा मार्ग पर मझने नाले के पास स्थित पेट्रोल पंप को घटतौली के आरोप में सीज कर दिया गया। शुक्रवार की देर रात जांच टीम ने मझने नाला और दुग्धेश्वरनाथ मंदिर स्थित पेट्रोल पंपों पर माप तौल की जांच की। जांच के दौरान मझने नाले पर स्थित पेट्रोल पंप में घटतौली का मामला उजागर हुआ। दुग्धेश्वरनाथ मंदिर स्थित पेट्रोल पंप में कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
जांच टीम ने किसान सेवा केंद्र यदुरानी देवी के चारों नोजल सीज कर दिए। पेट्रोल पंपों पर चिप लगाकर कम तेल नापने का मामला प्रकाश में आने के बाद पूरे प्रदेश में जांच चल रही है। शुक्रवार को जिलापूर्ति अधिकारी की देखरेख में जांच टीम ने रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के पेट्रोल पंपों की जांच की। जांच टीम रात करीब नौ बजे तक पेट्रोल पंपों की जांच में जुटी रही। टीम में जिलापूर्ति अधिकारी के साथ एसडीएम घनश्याम, नायब तहसीलदार डॉ. संजीव दीक्षित, पूर्ति निरीक्षक दुर्गा दत्त, इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर नमन पांडेय शामिल रहे। साथ में पंप की मशीनों की जांच करने वाले एक्सपर्ट लगाए गए हैं। रात करीब नौ बजे पिड़रा मार्ग पर मझने नाले के पास स्थित पेट्रोल पंप की गहनता से जांच की गई।
यहां माप तौल में काफी खामियां उजागर होने पर अधिकारियों ने पंप के सभी नोजल सीज कर दिए। इस बाबत जिलापूर्ति अधिकारी केजी पांडेय ने कहा कि पूरे जिले में किसान सेवा केंद्र और पेट्रोल पंपों की जांच चलती रहेगी। जांच टीम जनपद के सभी तहसीलों में स्थित पेट्रोल पंपों की जांच करेगी। खामियां पाए जाने पर पंप सीज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।