महिला से पेंटर का पता पूछा और ले उड़े चेन
देवरिया के साकेत नगर मोहल्ले में दो महिलाओं के साथ बृहस्पतिवार सुबह चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुईं। इन्हें बाइक सवार हेलमेट पहने युवकों ने अंजाम दिया। यही नहीं दो दिन पहले भी ऐसी एक महिला के साथ ऐसी घटना हुई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
नगर के साकेतनगर मोहल्ला निवासी इंदू तिवारी स्वास्थ्य विभाग से रिटायर कर्मचारी हैं। वह सुबह मोहल्ले में टहल रहीं थी। इसी बीच हेलमेट पहने दो बाइक सवार वहां पहुंचे और उनके गले से चेन खींचकर भाग निकले। चेन की कीमत 70 हजार रुपये बताई जा रही है। इंदू अभी कुछ समझ पातीं कि बाइक सवार आंखों से ओझल हो गए। इसी मोहल्ले में कुछ दूर आगे बिजली विभाग के कर्मचारी सुनील सिंह की पत्नी रीता सिंह पौधों मेें पानी डाल रहीं थी। इसी बीच बाइक सवार दो युवक पहुंचे। इनमें से एक युवक हेलमेट पहने हुए था।
बाइक से उतरने के बाद एक युवक महिला के पास पहुंचा और मुन्ना पेंटर के घर का पता पूछने लगा। महिला कुछ समय पाती इससे पहले आरोपी युवक उनके गेल से चेन खींचकर फरार हो गया। जानकारी होने पर मोहल्ले के लोग पहुंचे। सुबह के समय मोहल्ले में दो जगहों पर चेन स्नेचिंग की घटना से लोग सकते में आ गए। महिलाओं ने पुलिस को जो जानकारी दी। उससे यह बात साफ हो रही है कि एक ही गैंग ने दोनों जगहों पर वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि सूचना मिली है। केस दर्ज कर युवकों को पकड़ा जाएगा।