- आरपीएफ जवान की सतर्कता से टली अनहोनी
- दिन के दो बजे सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। अभी मंगलवार को पिवकोल रेलवे स्टेशन के समीप पैसेंजर ट्रेन के इंजन में आग लगने का मामला चल ही रहा था कि बुधवार को सदर रेलवे स्टेशन पर आनंद बिहार से बरौनी जाने वाली स्पेशल गाड़ी के एसी बोगी से धुंआ उठने लगा। आरपीएफ सिपाही ने इसे देख लिया और तत्काल उस पर काबू पा लिया गया।
आनंद बिहार से बरौनी जाने वाली स्पेशल ट्रेन 04404 बुधवार की दोपहर दो बजे देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। थर्ड एसी की एक बोगी से धुंआ उठने पर आरपीएफ सिपाही सत्यप्रकाश राय की नजर पड़ गई। उसने सूझ-बूझ का परिचय दिया। वह भागकर बोगी की तरफ गया। घटना की सूचना आरपीएफ इंस्पेक्टर अभय कुमार राय के साथ ही कंट्रोल रूम को दी। सक्रिय हुई आरपीएफ ने किसी तरह प्रेशर को काट दिया। इसके बाद केरेज स्टाफ ने मौके पर पहुंच कर धुएं पर काबू पाया। घटना की सूचना गार्ड एनके पांडेय को दी। आरपीएफ इंस्पेक्टर अभय कुमार राय ने बताया कि समय रहते कांस्टेबल सत्यप्रकाश राय ने देख लिया। समय रहते इस पर काबू कर लिया गया। तकनीकी दिक्कत से ऐसा हुआ था। कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। कुछ देर बार ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
---
आरपीएफ ने की सुरक्षा बढ़ाई
देवरिया। त्योहार पर आरपीएफ और जीआरपी ने स्टेशन और ट्रेन में सुरक्षा कड़ी कर दी है। आने-जाने वाले यात्रियों के सामानों की भी चेकिंग शुरू कर दी गई है। एक एसआई और एएसआई के साथ दो कांस्टेबल सादे वर्दी में प्लेटफार्म और ट्रेनों में गश्त कर रहे हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर अभय कुमार राय ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी की गई है।
-----