देवरिया। दबंगों ने दीवार तोड़कर घर में लूटपाट किया। विरोध करने पर लोगों ने महिला की पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और अन्य लोग भाग गए। कार्रवाई की बजाए पुलिस पीड़ित पर सुलह के लिए दबाव बना रही है।
खामपार थानाक्षेत्र के खैराट गांव निवासी सूरज मद्धेशिया पंजाब नेशनल बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। बुधवार को गांव के कुछ दबंग गोलबंद होकर पहुंचे और निर्माणाधीन दीवार को खुद की जमीन बताते हुए तोड़ने लगे। सूरज की मां ने विरोध किया तो पिटाई कर दी और ग्राहक सेवा केंद्र का रखा 1.40 लाख रुपये नकद, पासबुक, लैपटॉप लूट ले गए। 100 नंबर की सूचना पर कुछ देर बाद पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर तोड़फोड़ करने वाले भाग गए और पुलिस वाले चुपचाप चले गए। आरोप है कि खामपार थाने पर नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। लेकिन प्रभारी एसओ सुलह के लिए दबाव डाल रहे हैं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर शांतिभंग में कार्रवाई की है। गोलबंद होकर दीवार तोड़ने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वॉयरल हुआ है। पीड़ित ने एसपी रोहन पी कनय को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।