सीआईबी ने कंप्यूटर की दुकान पर छापा मारा, दुकानदार हिरासत में
बरहज। सीआईबी टीम ने नगर स्थित एक कंप्यूटर की दुकान पर छापा मारा। टीम ने नंदना वार्ड पूर्वी निवासी और दुकानदार दिलीप वर्मा को हिरासत में लेकर साथ ले गई। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप रहा।
नंदना वार्ड पूर्वी निवासी दिलीप वर्मा की नगर में कंप्यूटर की दुकान है। सीआईबी भटनी प्रभारी अरविंद यादव के नेतृत्व में टीम ने दिलीप वर्मा की दुकान पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि दुकानदार पर प्रतिबंधित साफ्टवेयर द्वारा अवैध तरीके से ई-टिकट बनाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि ग्राहकों को 500-1000 रुपये लेकर टिकट बेचता था। मौके से दो लैपटाप, एक प्रिंटर, दो मोबाइल सहित 20910 रुपये नकद बरामद हुए हैं। जबकि लैपटाप खंगालने पर 38 सामान्य/तत्काल रेलवे ई-टिकट कीमत 55518 रुपये मिले हैं। लोगों के अनुसार करीब तीन वर्ष से अवैध तरीके से दुकान संचालित हो रही थी। टीम में सहायक उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह, सुनील यादव, अमित सिंह, संजय कुमार राय, प्रताप सिंह, अब्दुल सलाम, रमेश चन्द्र यादव, राजमंगल, अनिल कुमार आदि शामिल रहे। प्रभारी अरविंद यादव ने बताया कि दुकानदार बरहज के नंदना वार्ड पूर्वी निवासी दिलीप वर्मा पर फर्जी तरीके से रेल टिकट बनाने में संलिप्तता के आधार पर कार्रवाई की गई है। पूछताछ में कुछ अन्य के नाम सामने आ रहे हैं।