पीडी की तहरीर पर राज्य मंत्री के पुत्र समेत 11 नामजद और 25 अज्ञात पर केस दर्ज
देवरिया। गौरीबाजार विकास खंड कार्यालय पर शनिवार को गरीब कल्याण दिवस पर आयोजित मेले में खंड विकास अधिकारी का प्रभार देख रहे डीआरडीए के पीडी संजय पांडेय की पिटाई के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद के पुत्र एवं ब्लाक प्रमुख अनीता निषाद के पति विश्वविजय निषाद सहित 11 लोगों को नामजद एवं 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनके खिलाफ लूट, प्राणघातक हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
प्रभारी बीडीओ/पीडी संजय पांडेय ने तहरीर में कहा है कि मेले में मुख्य अतिथि सदर विधायक डा. सत्यप्रकाश मणि थे। उनके आने से पूर्व ब्लाक प्रमुख पति विश्वविजय निषाद, परमवीर सिंह सोलंकी, श्याम सिंह, अनुराग गुप्ता, संतोष निषाद, राहुलयादव, आदित्य उर्फ पिंटू, राकेश भारती, अभिषेक, उग्रसेन निषाद, धीरज एवं अज्ञात 20-25 लोगों के साथ आए। सभाकक्ष में लगे बैनर पर फोटो न देख गालियां देते हुए उसे फाड़ दिया। विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने लगे। कुर्सियां, टेबल, माइक तोड़ दी। मेरा मोबाइल लूट लिया। आतंक का माहौल कायम कर सरकारी कागजात लूट लिए गए। बीच-बचाव करने पर एडीओ अंबिका प्रसाद, सचिन कुमार, संजय त्रिपाठी, राजीव शंकर मिश्र, विष्णु प्रकाश सिंह आदि कर्मचारियों की भी पिटाई की। एसओ गौरीबाजार अनिल पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर लूट, प्राणघातक हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।