देवरिया। शहर के एक मोहल्ले में युवती को अगवा कर निकाह करने के आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस मामले में पुलिस आरोपी सहित आठ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी हुई है। उसके विरुद्ध दुष्कर्म का मामला भी पुलिस ने दर्ज किया है। पुलिस की शिथिलता का फायदा उठाकर आरोपी विदेश भागने में सफल हो गया। मामले में आईओ को निलंबित कर दिया गया है।
कोतवाली पुलिस इनाम घोषित कर एनबीडब्ल्यू की कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने आरोपी का लुकआउट नोटिस जारी करते हुए उसके वीजा व पासपोर्ट रद्द करने की कार्रवाई में जुटी हुई है। तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का उसकी चचेरी बुआ के पति के दोस्त के साथ करीब छह साल पहले नजदीकियां बढ़ीं। बुआ के पति के दोस्त ने अपनी पहचान छिपाकर युवती से नजदीकियां बढ़ाई थीं। इसके बाद उसकी कुछ अश्लील तस्वीर मोबाइल में कैद कर लिया था। इसके बाद उस पर शादी का दबाव बनाने लगा था। युवती ने शादी से इंकार किया तो नौ अक्टूबर 2023 को अपने भाइयों के साथ चार पहिया वाहन से अपहरण कर लिया था। युवती से आरोपी ने अपना नाम रिंटू सिंह ठाकुर बताया था। जबकि उसका सही वाजिम अली सिद्दीकी निवासी देसही देवरिया थाना रामपुर कारखाना था।
इसके बाद उक्त जालसाज ने जबरन मौलवी व भाइयों की मदद से उससे निकाह भी कर लिया और जबरन तीन महीनों तक घर में कैद करके रखा था। वह आए दिन मारता-पीटता था। किसी तरह से पीड़िता उसके चंगुल से निकल कर अलीनगर में किराए का मकान लेकर रहने लगी। पीड़िता ने नौ दिसंबर 2024 को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सहित आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं होने की जानकारी होने पर पीड़िता कोतवाली का चक्कर लगा रही थी। इस बीच आरोपी विदेश भाग निकला तो युवती ने एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी।
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि इस मामले में विवेचना कर आरोपी के विरुद्ध बलात्कार का मामला दर्ज कर उसकी व उसके परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी है। इधर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता विभाग संयोजक गौरव द्विवेदी के नेतृत्व में कोतवाल से मिले। टीम में जिला संयोजक शिवम उपाध्याय, सह संयोजक प्रभात, संपर्क प्रमुख अमन राव एवं शुभम उपाध्याय भी शामिल थे। मामले में चल रही कार्रवाई के संबंध में बजरंग दल ने जानकारी ली तो कोतवाल दिलीप सिंह ने बताया कि मामले को पूरी पारदर्शिता के साथ गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपी वाजीम अली पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए एनपीडब्ल्यू की कार्रवाई की गई है। उसका लुकआउट नोटिस जारी कर वीजा व पासपोर्ट निरस्त कराने की प्रक्रिया में पुलिस जुटी हुई है।