तरकुलवा। स्थानीय कस्बा में बीती रात चोरों ने एक बर्तन की दुकान को निशाना बनाते हुए सेंध काटकर करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत के बर्तन पर हाथ साफ किया। दुकान खोलने पर सुबह दुकानदार को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के वार्ड 13 लोहिया नगर के रहने वाले रामशंकर प्रसाद पुत्र शिव नारायण प्रसाद देवरिया-कसया मार्ग पर थाना मोड़ के सामने सड़क की पूरब पटरी पर बर्तन की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह मंगलवार की रात में दुकान बंद करके घर चले गए। देर रात चोर पीछे से नकब काटकर दुकान के अंदर घुस गए और भीतर रखी 60 थाली व अन्य बर्तन उठा ले गए। सुबह नौ बजे के करीब जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख सन्न रह गए। उन्होंने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दे दी। व्यापारियों का कहना है कि कस्बा की दुकानों में कुछ दिनों के अंतराल में लगातार चोरियां हो रही हैं, जिससे उनमें खौफ व्याप्त है। वहीं पुलिस एक भी चोरी का पर्दाफाश नहीं की है। व्यापारियों ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और कस्बा में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने कहा कि तहरीर मिली है। पुलिस मौके पर गई थी। बहुत जल्द चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।