केंद्रीय सुरक्षा बल अंदर और पुलिस बाहर की सुरक्षा पर रखेगी नजर
32 गांवों के वल्नरेबल, 160 क्रिटिकल बूथों पर होगा सुरक्षा का सख्त पहरा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विधानसभा चुनाव में निडर होकर वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करें, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था का खास इंतजाम किया गया है। इसमें पूर्व के चुनावों में हुई गड़बड़ी के आधार पर बूथों को दो श्रेणियों में चिह्नित कर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का खाका पुलिस ने तैयार किया है। जनपद में 32 गांवों के बूथों को वल्नरेबल की श्रेणी में रखा गया है। जहां पर सबसे अधिक वोट देने से रोके जाने की घटना पूर्व के चुनाव में हो चुकी है। वहीं 160 बूथों को क्रिटिकल में रखा गया है। इन दोनों श्रेणी के बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
छठवें चरण में जनपद के सातों विधान सभा क्षेत्रों में मतदान तीन मार्च को होना है। इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए मतदेय स्थलों को क्रिटिकल, वल्नरेबल मतदेय स्थल की श्रेणी में बांटा है। इसमें क्रिटिकल की श्रेणी में 160 ऐसे मतदेय स्थलों को दी गई है, जहां 70 फीसद से अधिक पूर्व में मतदान हो चुका है और विवाद में भी हुआ था। जबकि वल्नरेबल मतदेय स्थलों की श्रेणी शामिल 32 मतदेय स्थल हैं, जहां पर दबंग व्यक्ति, एक समुदाय विशेष का दबदबा रहता है। एक समुदाय के लोग दूसरे समुदाय या जाति के लोगों को मतदान करने में बाधा डाल सकते हैं। इन बूथों पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम के लिए दो स्तर की सुरक्षा होगी। इसमें अंदर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान नजर रखेंगे और पुलिस के जवान सुुरक्षा की कमान संभाल लेंगे। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सोनकर ने बताया कि बूथों दोनों श्रेणी में पूर्व के चुनाव के इतिहास के आधार पर बांटा गया है। यहां पर अन्य बूथों से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जानी है।