चित्रकूट: पुलिस की गिरफ्त में बदमाश
- फोटो : amar ujala
चित्रकूट में कुख्यात डाकू बबुली कोल गैंग के चार सक्रिय सदस्यों को मारकुंडी पुलिस टीम ने मारकंडेय क्षेत्र के जंगल में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सदस्यों के पास से असलहे व लूट के सात मोबाइल बरामद किए गए हैं। इन बदमाशों पर दो दर्जन लूट, धमकी, चोरी और रसद सामग्री पहुंचाने के मामले दर्ज हैं।
जिला मुख्यालय में बुधवार को पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि डाकू बबुली कोल गैंग के कुछ सदस्यों के हाल ही में कुछ स्थानों पर उत्पात करने की सूचनाएं मिलीं। इन्हें दबोचने के लिए पुलिस टीम सक्रिय थी। बुधवार सुबह मुखबिर की सूचना पर मारकुंडी थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने दो टीमें बनाकर मारकंडेय जंगल में दो स्थानों पर घेराबंदी की।
सदस्यों ने पुलिस पर फायरिंग की कोशिश की लेकिन घेराबंदी के चलते फायरिंग नहीं कर सके। पकड़े गए बदमाशों में डोडामाफी बड़ा कोलान निवासी लाला कोल व देवमुनि मवईया, भरतकूप के मानपुर खोह गांव निवासी गया पटेल व बहिलपुरवा क्षेत्र के लंकापुरवा निवासी रोहिणी उर्फ रज्जन हैं। इनके कब्जे से लूट के सात मोबाइल फोन, चार देसी बंदूकें व 11 कारतूस बरामद हुए हैं।
इन बदमाशों ने 17 सितंबर की रात थाना मारकुंडी क्षेत्र के गांव अमचुरनेरुआ में मोबाइल फोन की लूट की थी। मारकुंडी थाने में मामला पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने पांच दिन में ही लूट का खुलासा कर दिया। पकडे़ गए आरोपियों में से लाला कोल पर आठ, देवमुनि कोल पर 10, गया पटेल पर पांच व रोहिणी उर्फ रज्जन पर अलग-अलग थानों में तीन मामले दर्ज हैं।