चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी राजापुर मार्ग पर एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार चचेरे भाइयों को कुचल दिया। चालक ट्रक लेकर भाग निकला। काफी देर तक दोनों भाई सड़क पर पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने मृत होने की पुष्टि की। मृतक के पास मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
राजापुर थाना क्षेत्र के कनकोटा गांव निवासी (हाल पता लूकलाइन राजापुर) अमित पांडेय (35) पुत्र घनश्याम पांडेय अपने रिश्ते के भाई विशाल पांडेय (21) पुत्र अश्वनी कुमार के साथ 16 मार्च को नागपुर गए थे। 23 मार्च को दोनों बांदा पहुंचे। इसके बाद देर रात बाइक से राजापुर आ रहे थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के चकौंध गांव के पास सामने से आए बेकाबू ट्रक ने बाइक समेत दोनों को कुचल दिया।
दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को अमित के पास मोबाइल मिला। विशाल का मोबाइल चकनाचूर हो गया था। अमित के मोबाइल से पुलिस ने उनकी पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि विशाल के पिता अश्वनी पांडेय की तहरीर पर अज्ञात वाहन व उसके चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाइक चालक हेलमेट लगाए था लेकिन घटना के बाद हेलमेट दूर छिटक गया। दोनों के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लग गई थी।
ट्रकों की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं
देर रात ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे और आरोप लगाया कि तेज गति से खनिज सामग्री लदे ट्रकों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं रहता है। वाहन जब सड़कों पर गुजरते हैं तो इनकी गति पर कोई नियंत्रण नहीं करता है। इससे आए दिन घटनाएं होती हैं। पुलिस व प्रशासन को इन पर कार्रवाई करनी चाहिए। इनकी रफ्तार पर लगाम के लिए भी ठोस उपाय होने चाहिए। गुरुवार सुबह सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजन शव को लेकर कनकोटा गांव पहुंचे और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
विशाल पांडेय की फाइल फोटो- फोटो : CHITRAKOOT