चित्रकूट। मुख्यालय के पुरानी बाजार से कक्षा छह के छात्र के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। कुछ घंटे बाद महोबा आरपीएफ ने छात्र के मिलने की जानकारी दी। जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
कोतवाली कर्वी क्षेत्र के उटारखाना छोटी मस्जिद के समीप रहने वाले अनवर सिद्दीकी ने बताया कि मंगलवार को करीब साढ़े तीन बजे पुत्र अयान सिद्दीकी घर के पास से कहीं लापता हो गया था। खोजबीन के बावजूद कुछ पता नहीं चला। लगभग पांच घंटे बाद महोबा आरपीएफ ने उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर बालक के संबंध में जानकारी दी। इस पर महोबा गए और आरपीएफ ने पुत्र को उनके सुपुर्द किया। पुत्र ने बताया कि मोहल्ले से ही दो लोगों ने मुंह को रुमाल से दबाकर ले गए थे। महोबा में उसे जब होश आया तो सीधे आरपीएफ चौकी गया और पूरी दास्तां बताई है। हालांकि इस संबंध में पीड़ित पिता ने कोतवाली में कोई सूचना नहीं दी है।