चित्रकूट। व्हाइट टाइगर डिवीजन के पूर्व सैनिकों तक ‘पहुंच कार्यक्रम’ का आयोजन राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर सीतापुर में सांसद आरके सिंह पटेल और डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल की मौजूदगी में किया गया। इसमें 269 मीडियम रेजीमेंट स्वचलित ने सशस्त्रबलों के साथ पूर्व सैनिकों के द्वार पहुंचकर अमृत महोत्सव मनाया और पूर्व सैनिकों के परिजनों को उपहार भी दिए। परिसर में कैंप लगाकर पूर्व सैनिकों के परिजनों की समस्याओं का समाधान भी कराया।
बुधवार को सांसद और डीएम ने राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के लिए लगाए गए मेडिकल कैंप, बैंक काउंसलर, सीएसडी कैंटीन आदि का निरीक्षण किया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल सुदीप सिंह माद्रा से कहा कि यहां चिकित्सा विभाग का भी कैंप लगाया जाए, जिससे भूतपूर्व सैनिक और उनके परिजन कोविड-19 का टीका लगवा लें। इस दौरान सभी को स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सांसद ने कहा कि सैनिकों की वजह से हम घर में चैन की नींद सो रहे हैं। भूतपूर्व सैनिक व उनके परिजन कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। डीएम ने कहा कि युवा वर्ग पढ़े और सेना में भर्ती होकर देश हित में सेवा करें। कार्यक्रम के दौरान सेना के अधिकारियों ने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर भारत सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य देशवासियों के गौरवशाली इतिहास संस्कृति और उपलब्धियों को प्रदर्शित करना है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, पूर्व विधायक दिनेश कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी, सेना के उप कमान अधिकारी, बैटी कमांडर, सूबेदार मेजर, भूतपूर्व सैनिक व उनके परिजन मौजूद रहे।