चित्रकूट। जनपद के विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिला पंचायत राज अधिकारी ने नजदीकी गांवों का कलस्टर (समूह) बनाकर उसकी जिम्मेदारी ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारियों को सौंपी है। जिससे अब ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर निदान होगा।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने डीपीआरओ तुलसीराम विश्वकर्मा को निर्देश दिए है कि गांवों के विकास कार्यों को गति देने के लिए विशेष योजना बनाएं। इस पर डीपीआरओ ने जनपद के गांवों का नक्शा तैयार कराकर कलस्टर (समूहों)में गांवों को बांटा है। जिसमें सचिवों की तैनाती होगी। अब सचिव, ग्राम पंचायत अधिकारी सुदूर क्षेत्र के गांवों में नहीं नजदीकी गांवों मेें ही रहकर विकास कार्यों को गति प्रदान करेंगे। इस पहल से अब ग्रामीणों के साथ ही गांवों का विकास तेजी से हो सकेगा। बताया कि ब्लाक कर्वी में 92 गांवों के विकास कार्य 17 सचिव, ग्राम पंचायत अधिकारी कराएंगे। इसी प्रकार मानिकपुर ब्लाक में 14, रामनगर में आठ, पहाड़ी में 16 व मऊ विकासखंड में 12 सचिव, ग्राम पंचायत अधिकारी नियुक्त किए गए है।
डीपीआरओ ने बताया कि प्रधानों को सचिव व ग्राम पंचायत की अनुपस्थिति नहीं खलेगी। जिससे गांवों में तेजी से विकास कार्य होगा। ग्रामीणों को समस्याओं के निदान को मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा।