चित्रकूट/खोही। चार वर्ष पूर्व परिजनों की मर्जी बगैर शादी करने वाली युवती की मौत उसके घर में हो गई। मृतका के भाई ने बहनोई पर भूखा प्यासा रख प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। एसडीएम व तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है।
सदर कोतवाली अंतर्गत ग्राम बंदरकोल गांव निवासी रज्जू यादव ने बताया कि चार वर्ष पूर्व उसकी बहन मनीषा यादव (23) गांव के ही बसंत यादव पुत्र पूरन संग चली गई थी। जिसकी सूचना चौकी में दी थी। दोनो ने परिजनों की मर्जी के बिना कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। बसंत उसकी बहन को ले जाकर गुजरात में रहने लगा।
इधर, फिर कोरोना बढ़ने के चलते चार माह पूर्व वह बहन को जानकीकुंड स्थित किराए के मकान में आकर रहने लगा। आरोप लगाया कि इस दौरान आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर बसंत उसकी बहन के साथ आए दिन पिटाई करता था और भूखा प्यासा भी रखता था। दो दिन पूर्व मकान मालिक के फोन करने पर जानकारी हुई तो मंगलवार को हम लोग जानकीकुंड पहुंचे।
बताया कि जब हम घर पहुंचे तो वहां बीमार मनीषा अकेले पड़ी मिली। उसकी हालत ज्यादा खराब होने पर घर ले आए और चौकी में जानकारी दी। बुधवार रात बहन ने दम तोड़ दिया। आरोप लगाया कि प्रताड़ना के चलते बहन बीमार हो गई। कुछ दिन बाद उसका पति उसे छोड़कर गांव चला आया। जानकीकुंड के कमरे में अकेले बहन रहती थी। किराया भी नहीं दिया।
इस मामले की थाने में तहरीर दी है। एसडीएम व तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा हुआ है। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बीमारी के चलते युवती की मौत हुई है। अन्य आरोपों की जांच पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन उसका शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए।
घटना की जानकारी देता मृतका का भाई। संवाद- फोटो : CHITRAKOOT