चित्रकूट। जिले में चल रहे क्षय रोग नियंत्रण अभियान के तहत बताया गया कि क्षय रोग केंद्र के साथ 11 जगहों पर टीबी की निशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है। जांच में क्षय रोग की पुष्टि होने पर अतिशीघ्र इलाज शुरू किया जाएगा। एक बार इलाज शुरू होने पर बीच में न छोड़ें, क्योंकि ऐसा करने से टीबी गंभीर रूप ले सकती है। इस समय जिले में 1015 क्षय रोगियों का इलाज चल रहा है।
जिला क्षय रोग विभाग में शनिवार को जिला क्षय रोग अधिकारी डा. बीके अग्रवाल ने बताया कि जनपद में जिला अस्पताल, क्षय रोग केंद्र सहित 11 स्थानों पर टीबी जांच की सुविधा उपलब्ध है। टीबी के लक्षण महसूस होने पर संबंधित व्यक्ति इन केंद्रों पर जाकर जांच करा सकते हैं।
टीबी की पुष्टि पर अतिशीघ्र इलाज शुरू किया जाएगा। रोगी को इलाज के दौरान खानपान में सुधार के लिए निक्षय पोषण योजना के तहत पांच सौ रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। यह राशि सीधे रोगी के बैंक खाते में भेजी जाती है। बताया कि संयुक्त जिला अस्पताल सोनेपुर, क्षय रोग केंद्र कर्वी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर, पहाड़ी, राजापुर, रामनगर, मऊ, मानिकपुर के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भौंरी, सरैयां और सीतापुर में भी क्षय रोग के जांच की सुविधा है।