चित्रकूट/मानिकपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के खोह रेल पटरी के पास युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। इसके अलावा मानिकपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन के रेल पटरी पर एक युवक का शव मिला है। तमाम प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
खोह निवासी सोनू (25) की मां राजरानी ने बताया कि शुक्रवार की रात सोनू बिना किसी से कुछ बताये घर से निकल गया। शनिवार की सुबह घर में न मिलने पर खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसी बीच जीआरपी से सूचना मिली की सोनू ट्रेन से कट गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने शनिवार की सुबह खोह रेल पटरी पर ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी की है। परिजनों ने बताया कि सोनू कई माह से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इसके अलावा मानिकपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन के रेल पटरी के पास 23 साल के युवक का शव मिला। जीआरपी प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि युवक की ट्रेन से गिरकर मौत होने की आशंका है। इसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक आसमानी रंग की टी शर्ट और कत्थई रंग का पैंट पहने है। उसके गले व कमर में काले रंग का धागा है। किसी अन्य जिले का निवासी लगता है।