चित्रकूट/खोही। सोमवार को रामघाट के मत्तगजेंद्रनाथ, पहाड़ी के पालेश्वरनाथ, मऊ के ऋषियन आश्रम, भरतकूप के मडफ़ा व चर के सोमनाथ मंदिर सहित जिले के अन्य शिवालयों में बड़ी संख्या में भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा पाठ किया। हर मंदिर के पास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल के जवान तैनात रहे।
मत्तगजेंद्रनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए सुबह चार बजे से लाइन लग गई। भक्तों ने जलाभिषेक करने के बाद शिवलिंग की विधि विधान से पूजा पाठ कर फूल, दूध,दही, शहद सहित अन्य सामग्री चढ़ाया। लगातार दो दिनों से मंदाकिनी में आये ऊफान के बाद रामघाट पर गंदगी व कीचड़ ज्यादा रहा। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रद्धालु रामनेरश, सुनील ने बताया कि मंदाकिनी नदी में जल का स्तर बढ़ गया था। पानी उतर जाने से रामघाट की सफाई अच्छी तरह से नहीं की गई। कीचड़ होने से मंदिर तक पहुंचने में समस्या हुई।
इसी प्रकार जिले के पहाड़ी कस्बा स्थित पालेश्वर नाथ मंदिर, भरतकूप कस्बा स्थित मडफ़ा मंदिर, मऊ क्षेत्र के ऋषियन आश्रम के शिवालय व मानिकपुर क्षेत्र के चर गांव स्थित सोमनाथ मंदिर में शिवलिंग में जलाभिषेक किया। इन स्थानों पर ग्रामीण क्षेत्रों से भक्त बड़ी संख्या में पहुंचे। हर मंदिर के पास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के बल तैनात रहा।