चलती ट्रेन पर पथराव, आधा दर्जन घायल
चित्रकूट। चलती ट्रेन पर अराजकतत्वों ने पथराव किया। इसमें रेलवे के एक कर्मचारी समेत आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायल कर्मी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शनिवार को मानिकपुर से सतना मप्र की ओर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन जब टिकरिया स्टेशन पहुंची। जैसे ही ट्रेन सतना की ओर रवाना हुई तो टिकरिया-मझगवां के बीच रेल पटरी किनारे मौजूद कुछ अराजकतत्वों ने बोगियों में पथराव शुरू कर दिया। इसमें आईटी विभाग (रेलवे) में कार्यरत कर्मचारी तौशीफ समेत पांच यात्रियों को चोट लगी। मझगवां स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों ने आरपीएफ से इसकी शिकायत की।
आरपीएफ सतना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि पांच यात्रियों को मामूली चोट आई थी। उन्होंने कोई इलाज या नामजद शिकायत दर्ज नहीं कराई लेकिन रेलकर्मी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसके बाद शाम को आरपीएफ टीम ने घायल कर्मी को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। आस पास के गांव जाकर लोगों से पूछताछ की लेकिन अभी किसी आरोपी की जानकारी नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी शरारती तत्व ने ही पथराव किया होगा।