चित्रकूट/मऊ। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के मऊ थाना अंतर्गत हटवां मोड के पास देर रात हुए हादसे में तीसरे घायल की भी मौत हो गई है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम छाया है।। शनिवार को एक साथ तीनों शव का गांव के बाहर अंतिम संस्कार हुआ तो हर आंख रो पड़ी।
गौरतलब है कि मऊ थाना क्षेत्र के हटवा गांव में लौरी गांव के मजरा शंभूपुर के कामता प्रसाद (40) बाइक से मां लौंगी देवी व पत्नी राजकुमारी के साथ मऊ कस्बे से इलाज कराकर घर लौट रहा था। रास्ते में पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कामता की मौके पर मौत हो गई। मां व पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर दशा के चलते डाक्टरों ने दोनो को प्रयागराज रेफर कर दिया। रास्ते में मां लौंगी ने दम तोड़ दिया। शनिवार की सुबह प्रयागराज में इलाज के दौरान पत्नी राजकुमारी की भी मौत हो गई है।