फोटो-13- घायलों को स्कार्पियो से निकालकर एंबुलेंस में लिटाते पुलिसकर्मी व अन्य। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट/खोही। चित्रकूट मप्र थाना क्षेत्र के झूरी नदी पुल मोड़ पर शुक्रवार को तीर्थयात्रियों से भरी स्कार्पियो पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। मैहर जाते समय हादसा हुआ।
फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के मलगढ़ा निवासी धर्मेंद्र मौर्य (27), धीरज, अमित श्रीवास्तव, मोहन पाल, रोहित व शिवम राजपूत स्कार्पियो से चित्रकूट दर्शन करने आए थे। शुक्रवार की दोपहर को सभी मैहर देवी के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। बगदरा घाटी के आगे झूरी नदी के पास मोड़ पर अचानक चालक ने स्कार्पियो से संतुलन खो दिया और कुछ दूर जाकर गाड़ी लगभग 25 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी।
राहगीरों की सूचना पर चित्रकूट थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी फोर्स के साथ पहुंचे और एंबुलेंस से सभी को जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया। यहां धर्मेंद्र की मौत हो गई। पुलिस टीम ने परिजनों को फोन से सूचना दी। देर शाम को सभी के परिजन अस्पताल पहुंच गए। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।